गोरखपुर। नोएडा की रिद्धिमा और गोरखपुर की आदित्या यादव की जोड़ी ने योनेक्स सनराइज प्रकाश नारायण श्रीवास्तव यूपी ईस्ट जोन जूनियर एंड सीनियर सेलेक्शन बैडमिंटन टूर्नामेंट के डबल्स के फाइनल में जगह बना ली है। शनिवार को धरमपुर स्थित लिविंस एकेडमी में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में दोनों की जोड़ी ने आगरा की राधा ठाकुर और लखनऊ स्नेहा सिंह को सीधे सेटों में 21-8 21-18 से पराजित कर फाइनल में जगह पक्की की।
नोएडा की समृद्धि सिंह और सोनाली सिंह ने उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ की काशवी गुप्ता और शिवांगी सिंह को 21- 14 21 -13 कर फाइनल में प्रवेश किया। पुरुष एकल मुकाबले के सेमीफाइनल मैच में आजमगढ़ के राजन यादव ने नोएडा के चिराग को 13- 21 21- 15 11-06 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
प्रतियोगिता के तीसरे दिन सभी वर्गों में क्वार्टर फाइनल मुकाबले शुरू हुए। पुरुष ओपन वर्ग में नोएडा के चिराग सेठ ने लखनऊ के सिद्धार्थ मिश्रा को 22-20, 21-13, नोएडा के नीर नेहवाल ने प्रयागराज के आयुष राज गुप्ता को 22- 20 15 -21 24 -22 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। महिला ओपन एकल वर्ग क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अलीगढ़ की आराध्या कुशवाहा ने प्रयागराज की रिचा यादव को 21-15 21 -16, लखनऊ की स्नेहा सिंह ने मुरादाबाद के चरणजीत कौर को 21- 18 21 -19, कानपुर की सनी सिंह ने मुरादाबाद की शिवानंद चौधरी को 21- 13 21 -18 और लखनऊ की अमोलिका सिंह ने मेरठ की शैलजा शुक्ला को 21 -19 21- 10 से पराजित किया।
मेंस डबल्स क्वॉर्टर फाइनल मुकाबले में गाजियाबाद के हिमांशु मित्तल व शुभम शर्मा की जोड़ी ने उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ के खिलाड़ी अभय वर्मा, दिव्य ज्ञान कीर्ति को 21-17 21-17 और महाराजगंज के कन्हैया सिंह और किशन सिंह की जोड़ी ने गोरखपुर के प्रदीप चौधरी और शिवम श्रीवास्तव को 21-17 19-21 21-10 से पराजित किया।
इस अवसर पर गोरखपुर बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष मंकेश्वर नाथ पांडेय, सचिव राजीत श्रीवास्तव, संदीप श्रीवास्तव, संजय मोहन त्रिपाठी, चंदन सिंह, सत्य प्रकाश मिश्रा, विवेकानंद मिश्र आदि मौजूद रहे।