गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे की चार महिला खिलाड़ियों का चयन एशियन गेम्स के लिए चुनी गई भारतीय टीमों के प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ है। इसमें एक खिलाड़ी महिला बास्केटबाल टीम में, तीन महिला हैंडबाल टीम में हैं। इसके अलावा कबड्डी के दो खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम में चुने गए हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि महिला बास्केटबॉल टीम की सदस्य मेघा सिंह का चयन एशियन गेम्स में भाग लेने के लिए आयोजित भारतीय महिला बास्केटबॉल टीम के प्रशिक्षण शिविर में हुआ है। महिला हैंडबॉल टीम की तीन खिलाड़ी ज्योति शुक्ला, सुषमा और नीना का चयन भी प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ है। इसके अलावा कबड्डी टीम के खिलाड़ी सुनील कुमार एवं प्रवेश का चयन भारतीय कबड्डी टीम में हो गया है।
इन खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ (नरसा) के अध्यक्ष एससी श्रीवास्तव, सहायक क्रीड़ा अधिकारी/नरसा चन्द्र विजय सिंह एवं एथलेटिक्स कोच विनोद सिंह एवं जवाहर प्रसाद ने बधाई दी।