समाजवादी पार्टी की पार्षद कार्यकारिणी ने मेयर को सौंपा ज्ञापन
एक सप्ताह बाद कार्यकारिणी की बैठक बुलाए जाने की मांग मेयर से की, कमेटी रखेगी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। नगर निगम की तरफ से जीआईएस सर्वे करवा नागरिकों से लिए जा रहे संपत्ति कर पर समाजवादी पार्टी के पार्षदों ने विरोध जताया है। प्रभारी अधिकारी संसदीय अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा और मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंप जीआईएस सर्वेक्षण के आधार पर बने बिल रोकने और बिल पर चर्चा के लिए कार्यकारिणी की बैठक बुलाने की मांग रखी।
वरिष्ठ पार्षद जिलाउल इस्लाम ने कहा कि नगर निगम प्रशासन अपने मन से सभी फैसले कर रही है। जनता से जुड़े संपत्ति कर को लेकर नगर निगम की कार्यकारिणी या बोर्ड बैठक में एक बार भी चर्चा नहीं हुई। बिना चर्चा के मनमाने तरीके से ही जीआईएस सर्वेक्षण कर नागरिकों को संपत्ति कर और बिल देना शुरू कर दिया गया। आरोप लगाते हुए कहा कि नाम न सामने आने पर नगर निगम के अधिकारी ही बताते हैं कि 40 फीसदी से अधिक सर्वेक्षण और बिल गलत बने हैं। शायद यही कारण है कि इसे बोर्ड या कार्यकारिणी में सामने नहीं रखा गया। सपा पार्षदों की मांग है कि जीआईएस सर्वेक्षण करने वाली कंपनी के बजाए दूसरी कंपनी से सर्वेक्षण कराया जाए। इस दौरान पार्षद अशोक यादव, जिलाउल इस्लाम, शहाब अंसारी, विश्वजीत त्रिपाठी, नूर मोहम्मद, अभिषेक, विजेंद्र कुमार मौजूद रहे।
कोट
सपा के पार्षदों ने जीआईएस सर्वे के आधार पर नागरिकों से संपत्ति कर लिए जाने पर अपना विरोध जताते हुए ज्ञापन सौंपा है। इस संबंध में नगर आयुक्त बात की गई है, बैठक में चर्चा की जाएगी। 4 नवंबर को नगर निगम ने रूटीन की बैठक बुलाई है।
-डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, मेयर