- किसी वार्ड में दो प्रत्याशी तो कहीं अधिक तादाद
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। नगर निगम चुनाव धीरे-धीरे दिलचस्प होने लगा है। बेतियाहाता वार्ड में सिर्फ दो प्रत्याशी मैदान में हैं। इस वजह से अन्य पार्टियों के मतदाता किसके पक्ष में वोट करेंगे। इसका अंदाजा लगा पाना मुश्किल है। झूलेलाल नगर में 17 लोग चुनाव लड़ रहे हैं। इस वार्ड में भी वोटों का बिखराव होने की आशंका जताई गई है। इससे कहीं पर घमासान तो कहीं पर लड़ाई के आसान होने के आसार हैं।
नगर निगम के कुल 80 वार्ड में 555 प्रत्याशी जोर आजमाइश कर रहे हैं। इनमें बेतियाहाता वार्ड से सपा और भाजपा के सिर्फ दो उम्मीदवार आमने-सामने हैं। इस वार्ड में काफी घमासान मचा है। दोनों दमखम लगाकर वोट पाने की जुगत कर रहे हैं। इस वार्ड में रहने वाले अन्य पार्टियों के समर्थक किसे वोट देंगे। इसका अनुमान लगाना कठिन है।
हालांकि मतदाता पूरी तरह से चुप्पी साध गए हैं। इसलिए दोनों दावेदार अपनी जीत सुनिश्चित मान रहे हैं। पुराना गोरखपुर, घंटाघर, विष्णुपुरम, विजय चौक, शहीद अशफाकउल्लाह नगर और मानसरोवर में सिर्फ तीन-तीन लोग मैदान में हैं। इन वार्डों में भी अन्य दलों के समर्थक किसके पक्ष में मतदान करेंगे, इसे लेकर प्रत्याशी उहापोह में हैं।
0000
वोटरों का मूड भांप नहीं पा रहे प्रत्याशी
संत झूलेलाल नगर में 17 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। दावेदारी करने वाले अपनी बात रखकर लोगों से वोट मांग रहे हैं। यहां के वोटरों की खामोशी भी प्रत्याशियों पर भारी पड़ रही। प्रचार के दौरान दावेदार और उनके समर्थक वोटरों का मूड नहीं भांप पा रहे। उनके लिए अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है कि किसके पक्ष में कितने वोट पड़ेंगे। लोगों का कहना है कि अधिक प्रत्याशियों वाले वार्ड में वोटों का बिखराव रहेगा। क्योंकि हर प्रत्याशी अपने मोहल्ले में दूसरे को हराने की कोशिश में लगा हुआ है।