गोरखपुर। सहजनवां के सुथनी में बनाए जा रहे सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट एवं बायो सीएनजी प्लांट का निरीक्षण बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त ने किया। दोनों प्लांट की धीमी गति पर नाराजगी जताई। कार्यदायी संस्था के जिम्मेदारों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सुथनी गांव में करीब 12 एकड़ में बन रहे सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट की कार्यदायी संस्था जल निगम के जिम्मेदारों ने दावा किया कि 80 फीसदी से अधिक कार्य पूरा कर लिया गया है। निगम अधिकारियों ने बताया कि कचरा रखने के लिए नगर निगम ने गांव में 20 एकड़ जमीन की खरीद की प्रक्रिया पूरी कर ली है। प्लांट में मशीनें लगाने का काम शुरू हो गया है। मुख्य अभियंता संजय चौहान ने बताया कि सुथनी में बने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट की क्षमता 500 टन प्रतिदिन की है। यहां फिनिशिंग प्रोडक्ट गोदाम, प्रोसेसिंग एरिया, कंपोस्टिक एरिया, प्यूरिंग एरिया और शौचालय आदि का निर्माण किया जा रहा। उन्होंने कार्यदायी संस्था से कहा कि छह अप्रैल को शिलान्यास हुआ था। ऐसे में काम की रफ्तार काफी कम है, उसे तेज किया जाए। तय समय के भीतर इस काम को खत्म करें।