गोरखपुर से छपरा की ओर जा रही मालगाड़ी के पहिया से धुआं निकलने की सूचना पर चौरीचौरा रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी को रोककर जांच की गई। मालगाड़ी का ब्रेक जाम होने से पहिया लाल हो गया था। स्टेशन पर मालगाड़ी को रोकने से भोपा बाजार-मुंडेरा बाजार रेलवे गेट बंद हो गया। इससे जाम लग गया। एक घंटे बाद चौरीचौरा स्टेशन अधीक्षक ने मालगाड़ी को लाल सिग्नल पार कराकर रेलवे गेट से मालगाड़ी को हटवाया तब रेलवे क्राॅसिंग खुला और आवागमन शुरू हो सका।
गोरखपुर से चलकर छपरा जा रही मालगाड़ी बृहस्पतिवार को 10:20 बजे सरदारनगर रेलवे स्टेशन से निकली तो स्टेशन मास्टर ने चौरीचौरा स्टेशन मास्टर को फोन कर पहिए से धुआं निकलने की जानकारी दी। इस सूचना पर चौरीचौरा में मालगाड़ी को रोक दिया गया। रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी रुकने से गेट संख्या 147 बी पूरी तरह जाम हो गया। मेन लाइन में मालगाड़ी खड़ी होने से गोरखपुर से देवरिया की ओर जा रही सभी ट्रेन प्लेटफाॅर्म संख्या दो से पास कराई गईं। मालगाड़ी के ब्रेक जाम की सूचना स्टेशन अधीक्षक ने उच्च अधिकारियों दी।
चौरीचौरा स्टेशन अधीक्षक अखिलेश कुमार ने बताया कि मालगाड़ी को चौरीचौरा में रोककर जांच पड़ताल की गई। अधिकारियों के निर्देश पर दोपहर साढ़े तीन बजे मालगाड़ी के 39 डिब्बों को रवाना किया गया, बाकी तीन डिब्बे यार्ड में खड़े कर दिए गए।