06, 12 एवं 24 घंटे के लिए कर सकेंगे बुक, प्लेटफार्म नंबर 9 पर बना है यह होटल
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर जं. स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 9 पर बनाया गया स्लीप पॉड होटल जल्द ही यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। पॉड होटल की बुकिंग 06, 12 एवं 24 घंटे के लिए बुक किए जाएंगे। होटल में यात्रियों के लिए भोजन की सुविधा भी उपलब्ध होगी। यह स्लीप पॉड होटल हैंगिंग वेटिंग हाल में 653 वर्ग मीटर में बनाया गया है।
इस स्लीप पॉड होटल में सिंगल एवं डबल बेड के केबिन एवं केबिननुमा स्लीप पॉड बनाए गए हैं। इन एसी वाले केबिन में महिलाओं एवं पुरुष के लिए अलग-अलग प्रसाधन बनाए गए हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इसके अलावा फ्री वाई-फाई की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके अतिरिक्त यहां पर टेलीविजन, चार्जिंग प्वाइंट एवं पढ़ने के लिए रीडिंग लाइट की व्यवस्था है।
प्लेटफार्म संख्या 9 पर बने इस पॉड होटल का फायदा देश भर से गोरखपुर आने वाले यात्रियों को मिलेगा। गोरखपुर जंक्शन स्टेशन पर दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, पुणे, चेन्नई, बंगलौर, हैदराबाद, अहमदाबाद, गुवाहाटी, लखनऊ, अयोध्या, मथुरा, वाराणसी, प्रयागराज, उज्जैन सहित देश के अनेक महानगरों के लिए ट्रेनें चलाई जाती हैं।
कोट
यात्रियों की सुविधा के लिए पॉड होटल का निर्माण कराया जा रहा है। यात्रियों को प्लेटफार्म के नजदीक रुकने की सुविधा मिलने से उनकी यात्रा सुखद होगी। जल्दी ही इसका उद्घाटन कराया जाएगा।
पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ-पूर्वोत्तर रेलवे