अमर उजाला ब्यूरो
पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर इलाके के मेडिकल रोड स्थित कालिका सिलबट्टा रेस्टोरेंट में शनिवार की शाम कर्मचारियों के साथ मारपीट कर चाकू लेकर दौड़ाने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ व धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया। रविवार को पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी अजय कुमार, आयुष, विजय, रितिक, सौरभ और सागर को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, बेलीपार इलाके के सेवई बाजार निवासी चंदन सिंह अपने भांजे अभिषेक सिंह के साथ मेडिकल रोड स्थित कालिका सिलबट्टा रेस्टोरेंट चलाते हैं। शनिवार की शाम करीब चार बजे गोरखनाथ इलाके के हनुमानपुर निवासी अजय और चिलुआताल के दोहरिया बाजार निवासी आयुष महिला मित्रों के साथ रेस्टोरेंट पहुंचे और डोसा का आर्डर देकर अजय महिला के साथ रेस्टोरेंट की छत पर चला गया। आरोप है कि वहां महिला के साथ अश्लील हरकत करने लगा। कर्मचारियों ने मना किया तो गाली देते हुए फोन कर अपने 5-6 दोस्तों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने रेस्टोरेंट में घुसकर मारपीट करने के बाद कर्मचारियों को चाकू लेकर दौड़ा लिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में ले लिया। रेस्टोरेंट के मैनेजर अभिषेक सिंह की तहरीर पर शाहपुर पुलिस छह आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। कार्यवाहक थाना प्रभारी अशोक कुमार यादव ने बताया कि आरोपियों को जेल भेज दिया गया।