पुलिस ऑफिस में एसपी से गुहार लगाता बुजुर्ग रोशन अली
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
साहब! मैं जिंदा हूं... भू-माफिया ने मुझे मार डाला। उसने हमें मृत दिखाकर मेरी और मेरे भाइयों की जमीन लिखवा ली है। 70 वर्षीय बुजुर्ग रोशन अली ने शुक्रवार को पुलिस ऑफिस पहुंचकर एसपी उत्तरी को प्रार्थनापत्र सौंपते हुए भू-माफिया की करतूत बताकर न्याय की गुहार लगाई है। एसपी ने इसकी जांच सीओ कैंपियरगंज को सौंपी है।
चिलुआताल के परमेश्वरपुर गांव निवासी रोशन अली लाठी के सहारे ग्रामीणों के साथ शुक्रवार को पुलिस ऑफिस पहुंचे। उन्होंने एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव से गुहार लगाते हुए कहा कि वह जिंदा हैं, उनके भाइयों की मौत हो चुकी है।
सात मई 2024 को गांव के ही कुछ लोगाें ने मिलकर करीब एक एकड़ जमीन साजिश के तहत फर्जी व कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उनके और मृत दो भाइयों का वारिस बनकर बैनामा कर दिया।
बताया कि दस्तावेज में भाइयों के साथ ही मुझे भी मृत घोषित कर दिया गया।
जानकारी होने पर आरोपियों से बातचीत की तो जान से मारने की धमकी देते हुए थप्पड़ जड़ दिया। उन्होंने एसपी को बताया कि जीतपुर बाजार का एक व्यक्ति भू-माफिया है। उसके साथ मिलकर गांव के सात लोगों ने जालसाजी की है। रोशन अली ने रोते हुए आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बुजुर्ग का प्रार्थनापत्र मिला है। इसकी जांच सीओ कैंपियरगंज को सौंपी गई है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कानून कार्रवाई की जाएगी। बुजुर्ग की सुरक्षा को लेकर भी निर्देश दिया गया है। पुलिस समय-समय पर रोशन अली के घर जाकर हालचाल लेती रहेगी।