संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। कन्नौज से नए आलू की आवक बढ़ने के साथ ही थोक में आलू के दाम एक सप्ताह में आधे से भी कम हो गए हैं। लेकिन, खुदरा दुकानदार आलू पर दोगुना मुनाफा वसूल रहे हैं। जिससे आलू के भाव कम होने का फायदा आम लोगों को नहीं मिल पा रहा है।
महेवा मंडी में पंजाब से नए आलू के आने की शुरुआत नवंबर के अंतिम सप्ताह में हो गई थी। अब मंडी में कन्नौज से आलू की आवक शुरू हो गई है। जो आलू थोक मंडी में एक सप्ताह पहले 24 से 28 रुपये किलो बिक रहे थे, वह अब आठ से 12 रुपये किलो पर आ गए हैं। आलू के दाम थोक मंडी में तो कम हो गए हैं, लेकिन खुदरा बाजार में आलू अभी भी महंगा बिक रहा है। मंगलवार को बाजार में आलू की कीमत 20 से 24 रुपये किलो के बीच थे। आलू व्यापारी सोनू ने बताया कि कन्नौज से आलू की आवक होने से आलू के दाम में गिरावट आई है। अभी आलू के दाम और कम होंगे।
प्याज में भी आई नरमी
नई प्याज की आवक बढ़ने से दाम में भी नरमी आई है। मंगलवार को थोक में प्याज 20 से 30 रुपये किलो तक बिका। प्याज कारोबारी शालू ने बताया कि नया प्याज अभी कच्चा है। ऐसे में क्वालिटी के हिसाब से कीमतें तय हो रही हैं। 30 रुपये किलो बिक रहा प्याज बड़ा और सूखा है। वहीं छोटा और कच्चा प्याज 20 रुपये किलो बिक रहा है। वहीं खुदरा बाजार में प्याज 40 से 50 रुपये किलो के बीच बिक रहा है।