गोला (गोरखपुर)। क्षेत्र के एक कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा के परिजनों की शिकायत पर पीछा करने वाले शोहदे के खिलाफ गोला पुलिस ने केस दर्ज किया है। अब शोहदा केस वापस लेने का दबाव परिवार पर बना रहा है। केस वापस न लेने पर जान माल की धमकी दे रहा है। छात्रा की मां ने क्षेत्राधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर शोहदे को गिरफ्तार करने की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, छात्रा की मां ने थाने में केस दर्ज कराया है। उनका कहना है कि बेटी शनिवार शाम चार बजे कोचिंग गई थी। उसी समय बेवरी निवासी गोविंद यादव कोचिंग सेंटर में आकर अध्यापक के सामने ही जान से मारने की धमकी देने लगा।
अध्यापक द्वारा भगाने पर वह चला गया। लेकिन, बेटी जब कोचिंग से घर जा रही थी तब वह और उसके दो साथी बाइक पर सवार होकर आए और बेटी की साइकिल में पीछे से टक्कर मार दिए, जिससे वह घायल हो गई थी। इस संबंध में थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार राय का कहना है कि आरोपी अभी फरार है। शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।