गगहा इलाके में हुई थी घटना, जेल भेजा गया
अमर उजाला ब्यूरो
गगहा। छात्रा से छेड़खानी करने के आरोपी शोहदे को बृहस्पतिवार को गगहा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी शुभम गौड़ गोला थाना क्षेत्र के कलानी गांव का निवासी है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक, गगहा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने शुभम गौड़ पर नाबालिग बेटी से छेड़खानी करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को थाने में शिकायत की थी। आरोप है कि छात्रा के स्कूल एवं कोचिंग जाते समय शुभम उसपर अश्लील टिप्पणी करता था।
इस बीच वह छात्रा के गांव में ही अपनी बुआ के घर रह कर अलग-अलग नंबर से फोन कर उससे मिलने का दबाव बना रहा था। परिजन जब शिकायत लेकर उसके रिश्तेदारों के घर पहुंचे तो शुभम और उसकी बुआ का लड़का छात्रा के घर पहुंच कर मारपीट पर उतारू हो गए।
छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने शुभम व उसके रिश्तेदार के तीन युवकों एवं 10 अज्ञात पर छेड़खानी, पॉक्सो एक्ट एवं जान से मारने की धमकी देने की धारा में केस दर्ज किया था। वहीं आरोपी शुभम गौड़ को मारने पीटने के आरोप में पुलिस ने छात्रा के परिजनों पर केस दर्ज किया है। थानाध्यक्ष सूरज सिंह ने बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार किया गया है। मामले में अभियुक्त अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।