- चालक प्रशिक्षण केंद्र पर नहीं बन सके ड्राइविंग लाइसेंस
- स्लॉट को रीशेड्यूल कर आज बुलाया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए मंगलवार को चालक प्रशिक्षण केंद्र का सर्वर फेल होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिना लाइसेंस बनवाये ही लोगों को वापस जाना पड़ा।
चालक प्रशिक्षण केंद्र में हर दिन 200 से अधिक ड्राइविंग लाइसेंस बनते हैं। मंगलवार की सुबह से ही आवेदकों का डीटीआई पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दस्तावेज सत्यापन के लिए काउंटर पर आवेदकों की कतार लगनी शुरू हो गई। लेकिन, सुबह से ही सर्वर नहीं चलने के आवेदकों की कतार बढ़ती गई। लेकिन, शाम तक सर्वर नहीं चल सका और आवेदक निराश होकर लौट गए। लाइसेंस बनवाने के लिए पहुंचे अनिकेत ने बताया कि सुबह 10 बजे से डीटीआई आ गया था, लेकिन काउंटर पर जानकारी हुई की सर्वर फेल हो गया। दो घंटे से इंतजार कर रहा हूं। आरआई सीमा गौतम ने बताया कि सारथी का सर्वर फेल होने के कारण ड्राइविंग लाइसेंस के काम बाधित हुआ है। जिनके लाइसेंस नहीं बन सके हैं उनके स्लॉट को रीशेड्यूल करके बुधवार को बुलाया गया है।