गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय में बुधवार को हिंदी पखवाड़े की शुरुआत साहित्यिक संगोष्ठी से हुई। रेलवे अधिकारी क्लब में आयोजित कार्यक्रम में हिंदी नवजागरण के अग्रदूत भारतेंदु हरिश्चंद्र के जीवन और साहित्यिक योगदान पर चर्चा हुई। संगोष्ठी का शुभारंभ उप मुख्य राजभाषा अधिकारी मनोज मिश्रा और अन्य वक्ताओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सेंट एंड्रयूज कॉलेज के हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. आनंद कीर्ति तिवारी और दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार राय ने भारतेंदु के जीवन, साहित्य और हिंदी नवजागरण में उनके योगदान पर विचार रखे। मनोज मिश्रा ने कहा कि भारतेंदु हरिश्चंद्र हिंदी नवजागरण के अग्रदूत थे। हिंदी भाषा और समाज के निर्माण में उनका योगदान अविस्मरणीय है।