गोरखपुर के बड़हलगंज कस्बे के पास किराए का कमरा लेकर परिवार के साथ रहने वाले पप्पू निषाद का स्कार्पियो सवार मनबढ़ों ने अपहरण कर लिया। उसे एक मकान में ले जाकर जानमाल की धमकी दी जाने लगी। रात में वह किसी प्रकार दो मंजिला मकान से कूदकर भाग निकला। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, इलाके के मझवा गांव निवासी पप्पू निषाद ने पुलिस को दी तहरीर देकर बताया है कि वह संसारपार रोड पर किराए का मकान लेकर परिवार के साथ रहते हैं। चौरीचौरा के रहने वाला एक व्यक्ति अपने परिवार को देने के लिए उसके खाते में रुपये भेजता है।
आरोप है कि शुक्रवार को वह अपने रिश्तेदार को देखने अस्पताल जा रहे थे। रास्ते में स्कार्पियो से आरोपी मिले और किसी होटल में ले जाने का झांसा देकर गाड़ी में बैठा लिए। आरोपी जब उसे जबरन अपने घर ले जाने लगे तो इसकी जानकारी फोन कर परिजनों को दी।
इसके बाद आरोपी मोबाइल फोन छीन लिए और स्विच ऑफ कर मारने पीटने लगे। हत्या की धमकी देने लगे। आरोपी शनिवार को उसकी बोलेरो गाड़ी भी उठा लाए। रविवार रात करीब दो बजे वह बंधक बनाए गए दो मंजिला मकान से कूदकर भाग निकला।
भागते समय रास्ते में अचेत हो गया। होश में आने पर उसने अपने परिचित प्रधान को फोन कर घटना की जानकारी दी। आरोप है कि उसका पर्स व गाड़ी आरोपी रख लिए हैं। एसपी दक्षिणी जितेंद्र कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।