संत कबीर नगर के खलीलाबाद सीएससी अधीक्षक डॉ वरूणेश दुबे ने गगहा के चढ़ेडिया गांव निवासी अपने ससुराल वालों पर मारपीट और कार से कुचलने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस साक्ष्य और विडियो के आधार पर जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि डा वरूणेश दुबे और उनकी पत्नी शिल्पी पांडेय का पिछले कुछ समय से आपस में विवाद चल रहा है। घटना 8 जुलाई की शाम 6 बजे गगहा क्षेत्र के सोनईचा बाजार की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, 8 जुलाई की देर शाम डॉ वरुणेश दूबे अपने ससुर के छोटे भाई मनोज पाण्डेय के पुत्र व अन्य के साथ अपनी कार से सोनईचा के तरफ जा रहे थे।
किसी ने ससुराल वालों को सूचना दे दी, जिसके बाद डाक्टर वरुणेश दूबे के ससुर व पत्नी के भाई ने अपनी कार से डा वरुणेश की कार में टक्कर मार दी। डा वरुणेश कार रोककर बाहर निकले तो उनके ससुर और पत्नी के दोनों भाइयों ने बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया।
डाक्टर वरुणेश दूबे ने गगहा पुलिस को शिकायतीपत्र देते हुए आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी शिल्पी पाण्डेय पुत्री विनोद पांडेय व दो अन्य लोगों से विवाद हुआ था। मामले में न्यायालय के आदेश पर हत्या के प्रयास एवं अन्य धाराओं में गोरखनाथ थाने पर पत्नी, ससूर एवं पत्नी के दोनों भाइयों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया था।
8 जुलाई की शाम करीब 6 बजे वे किसी कार्यवश सोनईचा बाजार गए थे, जहां ससूर विनोद पांडेय एवं पत्नी के भाई राहुल पांडेय व ऋषभ पांडेय निवासी चढ़ेडीया उनकी गाड़ी में टक्कर मार दिए एवं उन्हें घेरकर बुरी तरह पीटने लगे। आसपास के लोगों ने बीच बचाव किया तो सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।
डाक्टर वरुणेश की तहरीर पर गगहा पुलिस ने विनोद पाण्डेय, राहुल पाण्डेय और ऋषभ पाण्डेय के खिलाफ धारा 126(2), 115(2),352,351(3), 324(4) दर्ज किया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुशील कुमार चौरसिया का कहना है आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।