गोरखपुर। अब शहर के सामुदायिक शौचालयों के रख-रखाव व सफाई की निगरानी ऑनलाइन की जाएगी। इसके लिए नगर निगम एक एप लांच करेगा। इस एप को जीपीएस के माध्यम से शौचालयों पर लगे सीसीटीवी कैमरे से जोड़ा जाएगा। इससे बाहर की निगरानी होगी। वहीं, एक क्यूआर कोड भी लगाया जाएगा। इसे मोबाइल फोन पर स्कैन करके कोई भी फीड बैक दे सकेगा।
नगर निगम के अधिकारियों ने मंगलवार को बैठक की। इसमें सामुदायिक शौचालयों की सफाई व्यवस्था के निगरानी की रूपरेखा तय की गई। नगर आयुक्त से अधिकारियों ने बताया कि एप के जरिए निगरानी बेहतर तरीके से होगी। इसमें सफाई व्यवस्था संभालने वाली एजेंसी के कर्मचारियों को रोजाना शौचालयों की सफाई के बाद फोटो भी अपलोड करनी होगी। जनता की तरफ से एप पर आने वाली शिकायतों की तत्काल जांच कराई जाएगी और उसका निस्तारण कराया जाएगा।
इस दौरान अपर नगर आयुक्त, नोडल अधिकारी एसबीएम, समस्त सहायक नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, परियोजना अधिकारी डूडा एवं अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।