पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ यज्ञशाला में डाली आहुति
- सूर्यकुंड धाम विकास समिति की ओर से आयोजित नौ दिवसीय विष्णु महायज्ञ का हुआ समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। सूर्यकुंड धाम में सूर्यकुंड धाम विकास समिति की ओर से आयोजित विष्णु महायज्ञ का दसवां दिन पर्यावरण संरक्षण के नाम रहा। पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ यज्ञशाला में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुतियां डालीं।
पूर्णाहुति के पश्चात श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से लक्ष्मी नारायण, सूर्यनारायण और प्रकृति माता की भव्य महाआरती की। महायज्ञ में नौ दिनों तक विष्णु महापुराण कथा का श्रवण कराने वाले वृंदावन से आए कथावाचक अखिलेशानंद ने सूर्यकुंड धाम आंदोलन के कार्यकर्ताओं को पटका पहनाकर सम्मानित किया और उनके संघर्ष को अभूतपूर्व बताया। कथावाचक अखिलेशानंद और सूर्यकुंड धाम विकास समिति के संयोजक संतोष मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में सूर्यकुंड धाम के मुख्य द्वार से पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली गई। दोपहर बाद सूर्यकुंड धाम में भंडारा शुरू हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा। परमात्मा राम त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर मदन राजभर, बालक दास, सच्चिदानंद दूबे, पं सुनील मिश्रा, कनक लता मिश्रा, शुक्ल कुशवाहा, अरविंद चौरसिया, रामचंद्र दास, अशोक कुमार, ओम प्रकाश आदि मौजूद रहे।