गोरखपुर। ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक व्यक्ति से 62 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर राजघाट थाने की साइबर सेल टीम ने कार्रवाई करते हुए 24,554 रुपये वापस करा दिए। यह रकम एमआरएम पोर्टल के माध्यम से पीड़ित के बैंक खाते में वापस कराई गई। पुलिस के अनुसार, दो अगस्त को साइबर ठगों ने पीड़ित को लोन दिलाने का झांसा दिया। लोन की प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर अलग-अलग शुल्क और फीस जमा कराई। इसके बाद भी लोन स्वीकृत नहीं किया गया। इस दौरान पीड़ित के खाते से कुल 62 हजार रुपये निकाल लिए गए। ठगी की जानकारी होने पर पीड़ित ने राजघाट थाने के साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर टीम ने तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कर संबंधित बैंक के नोडल अधिकारी से संपर्क किया। लगातार पैरवी के बाद 24,554 रुपये वापस कराने में सफलता मिली। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष गौरव वर्मा, उपनिरीक्षक वैभव विश्वकर्मा, निशी श्रीवास्तव, संगीता सिंह और अरविंद कुमार शामिल रहे।