भटहट (गोरखपुर)। रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर रिश्तेदार पर 12 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने एसएसपी से मिलकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
गुलरिहा क्षेत्र के जंगल डुमरी नंबर दो टोला कोइरीपुर निवासी शिवशंकर शर्मा ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया है कि वर्ष 2018 में रेलवे ग्रुप डी में भर्ती के लिए उनके बेटों कृष्ण मोहन शर्मा, कृष्ण मुरारी शर्मा व बहू प्रभात किरण ने आवेदन किया था। इसी बीच उनकी एक महिला रिश्तेदार ने अपने बेटों की रेलवे में पकड़ की बात कहते हुए तीनों की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने इसके लिए 15 लाख रुपये मांगे। कई किस्तों में उन्होंने महिला रिश्तेदार को 12 लाख रुपए दे भी दिए, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी नौकरी नहीं लगी। इसपर उन्होंने उससे अपने रुपए वापस मांगे तो वह जानमाल की धमकी देने लगे। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।