रोडवेज की जनरथ एसी बस को बनाया गया साधारण बस।
गोरखपुर। रोडवेज की एसी जनरथ बसें साधारण बस के रूप में सड़कों पर फर्राटा भरती हुई नजर आएंगी। एक जनरथ बस साधारण हो गई है। 10 और एसी जनरथ बसों को साधारण बनाने की तैयारी परिवहन निगम के जिम्मेदार कर रहे हैं।
भुगतान नहीं होने के कारण करीब आठ माह पहले एसी जनरथ बसों की मरम्मत करने वाली फर्म ने काम करना बंद कर दिया था। इसके बाद रोडवेज की जनरथ बसों की हालत बिगड़ने लगी। खराब होने के बाद समय से मरम्मत नहीं हो पा रही है। करीब 10 जनरथ बसें कार्यशाला में खड़े-खड़े खराब हो रही थीं। इसके बाद बसों को कबाड़ होने से बचाने के लिए परिवहन निगम ने जनरथ एसी बसों को साधारण बनाने का निर्णय लिया और रोडवेज के कर्मचारियों ने एक जनरथ एसी बस को साधारण कर दिया। इसको जल्द ट्रायल के तौर पर सड़क पर उतारा जाएगा।
-
कम हो गई यात्रियों की संख्या
जनरथ एसी बसों से सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में इन दिनों कमी आई है। इससे परिवहन निगम की कमाई भी कम हो गई है।
कोट
आठ महीने पहले एसी बसों की मरम्मत करने वाली फर्म ने काम बंद कर दिया था। इसके बाद फर्म पर जुर्माना लगाते हुए अनुबंध समाप्त कर दिया गया। मरम्मत के अभाव में रोडवेज की जनरथ एसी बसें खराब हो रही थीं। उन्हें साधारण बनाया जा रहा है।
-एके सिंह, एआरएम, राप्तीनगर डिपो