झंगहा (गोरखपुर)। थाना क्षेत्र के सिंहपुर के सहसराव गांव में सोमवार देर रात चमनलाल निषाद के घर में घुसा बदमाश पकड़ेे जाने पर उनकी पत्नी के सिर पर चारपाई की पटिया से हमला कर बाक्स उठा ले गया। इसके बाद घर से सौ मीटर की दूरी पर बाक्स तोड़कर कर आभूषण व अन्य कीमती सामान ले गया। सिर फटने से महिला को अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने एसजीपीजीआई लखनऊ रेफर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, चमनलाल निषाद के घर सोमवार की आधी रात में एक बदमाश दाखिल हुआ और वह घर का सामान समेट कर ले जाने लगा। इस बीच चमनलाल की पत्नी माया वॉशरूम जाने के लिए उठीं तो घर के अंदर अनजान व्यक्ति को घुसा देखकर शोर मचाते हुए उन्होंने उसे पकड़ लिया। बदमाश ने माया के सिर पर चारपाई की पटिया से प्रहार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर बॉक्स लेकर फरार हो गया।
घायल महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ब्रह्मपुर ले जाया गया। यहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराए। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखकर एसजीपीजीआई लखनऊ रेफर कर दिया।बताया गया कि मंगलवार की सुबह घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक टूटा बाक्स और बिखरे कपड़े मिले। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे चमनलाल और उनके घरवालों ने सामान की पहचान की। बताया कि बदमाश गहने व अन्य सामान ले गया है। उधर, घटना की सूचना पर एसपी नार्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, सीओ अनुराग सिंह, एसओ सूरज सिंह, एसआई ज्योति नारायण तिवारी आदि पहुंचे और घटनास्थल की जांच करने के साथ ही फॉरेंसिक टीम को सूचना दी।
..................
सीसीटीवी कैमरे में दिखा एक संदिग्ध युवक
पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हालांकि घटना में एक युवक घर के अंदर दाखिल होते और कुछ ही देर में एक बाक्स लेकर जाते दिख रहा है। पुलिस उस युवक की पहचान कर पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है। घर में घुसने के साथ बाक्स लेकर निकलने के समय को लेकर भी सीसीटीवी कैमरे पर गौर किया जा रहा है। यही नहीं अन्य मामलों की जांच करते हुए पुलिस कुछ लोगों के मोबाइल सीडीआर भी निकालने के प्रयास में जुटी है।
............
वर्जन
घटनास्थल पर गए थे। वहां सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध व्यक्ति दिख रहा है। उसकी पहचान कराई जा रही है। बहुत जल्द आरोपी को पकड़कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
- जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी उत्तरी