गोरखपुर। डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर यूपी रोडवेज इंप्लाइज यूनियन के सैकड़ों कर्मचारियों ने मंगलवार को बस स्टेशन से महाराणा प्रताप प्रतिमा तक रूट मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने अवैध रूप से सवारियां भर रही एक मिनी बस को पकड़कर आरटीओ के हवाले कर दिया। यूनियन के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन में क्षेत्रीय अध्यक्ष दिनेश मणि मिश्र ने कहा कि 22 अक्तूबर से लगातार आंदोलन किया जा रहा है, इसके बावजूद परिवहन निगम के बस स्टेशनों के आसपास डग्गामार वाहनों का संचालन बंद नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस, आरटीओ और जिला प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। क्षेत्रीय मंत्री राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि अवैध वाहनों के संचालन से परिवहन निगम के राजस्व को नुकसान हो रहा है।