जंगल कौड़िया जगदीशपुर रिंग रोड: डीएम के आवास पर मिलने पहुंचे किसान।
गोरखपुर/ भटहट। जंगल कौड़िया-जगदीशपुर कोनी रिंग रोड से प्रभावित किसान सोमरार को कमिश्नर और डीएम को ज्ञापन नहीं सौंप सके। अधिकारियों से मुलाकात नहीं होने की वजह से किसानों को निराश लौटना पड़ा। किसानों का कहना है कि डीएम की गैरमौजूदगी में उनके स्टोनो को ज्ञापन दिया जा रहा था। लेकिन उन्होंने इसे लेने से इंकार कर दिया। स्टेनो ने ज्ञापन को दूर झटक दिया।
रिंग रोड के लिए 26 गांवों के किसानों की जमीन अधिग्रहित की गई है। अधिक मुआवजे को लेकर किसानों ने बीते माह विधायक महेंद्रपाल सिंह की मौजूदगी सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। सीएम ने किसानों को अधिक से अधिक मुआवजा देने का निर्देश दिया। किसानों ने अपना आर्बिट्रेशन (न्यायिक मध्यस्थता) दाखिल करा दिया है। लेकिन मुआवजे को लेकर फिलहाल कोई राहत नहीं मिल सकी है।
इसलिए सोमवार को विकास कुमार पांडेय की अगुवाई में किसान कमिश्नर और डीएम से मिलकर ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे। लेकिन अधिकारियों से उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। डीएम की गैर मौजूदगी में किसानों ने उनके स्टोनो बाबू को अपना ज्ञापन देने का प्रयास किया। लेकिन उन्होंने ज्ञापन नहीं लिया। इस पर किसानों ने नाराजगी जताई। कुछ देर तक डीएम का इंतजार करने के बाद किसान लौट गए। इस दौरान श्यामू निषाद, रवि गुप्ता, राकेश और गणेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।