आरटीईः प्राइवेट स्कूल में मुफ्त पढ़ाने को 3071 आवेदन - गलत सूचना की वजह से 738 आवेदन फार्म निरस्त, 2178 फार्म सही मिले - 28 मई को लॉटरी से होगा स्कूल का आवंटन अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत शहर के प्राइवेट स्कूलों में जरूरतमंदों के बच्चों के दाखिले के लिए पहले चरण में 3071 लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान 768 आवेदन फार्म गलत सूचना देने की वजह से निरस्त कर दिए गए हैं। जबकि 2178 फार्म सही मिले हैं। 28 मई को लॉटरी के माध्यम से आवेदकों को स्कूलों का आवंटन होगा। जिसके बाद अभिभावकों को चयनित विद्यालय में जाकर 10 जुलाई तक बच्चे का प्रवेश सुनिश्चित कराना होगा। आरटीई के तहत प्रवेश के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया मार्च में शुरू हुई थी, मगर लॉकडाउन की वजह से शासन को दो बार इसकी तिथियों को आगे बढ़ाना पड़ा है। पहले चरण में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश के लिए स्कूल का आवंटन होने में ज्यादा परेशानी नहीं होती है। 24 मई इसकी आखिरी तिथि शासन की ओर से निर्धारित की गई थी। ज्यादातर अभ्यर्थियों को स्कूल का आवंटन इस चरण में हो जाता है। - दूसरे चरण में 30 मई से शुरू होगा आवेदन आरटीई के तहत दाखिले के लिए दूसरे चरण का आवेदन 30 मई- 25 जून तक चलेगा। 26-28 जून तक आवेदन फार्म का सत्यापन बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से किया जाएगा। 29 जून को लॉटरी से स्कूल का आवंटन होगा। 20 जुलाई तक विद्यालयों में प्रवेश कराने की आखिरी तिथि होगी। आरटीई के तहत जिन आवेदन करने वाले लोगों के फार्म गलत जानकारी की वजह से निरस्त कर दिए गए हैं। वो दूसरे चरण में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं।