गोरखपुर। जीडीए की ओर से प्रस्तावित राप्तीनगर विस्तार टाउनशिप एवं स्पोर्ट्स सिटी योजना में अगले माह से काम शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। जीडीए की ओर जारी रिक्वेस्ट फाॅर प्रपोजल (आरएफपी) के लिए 30 सितंबर, शनिवार को निविदा खोली जाएगी। इसमें फर्म के तय होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि निविदा के खुलने पर ही आगे का निर्णय लिया जाएगा। योजना को लेकर जीडीए अधिकारी उत्साहित हैं। इस योजना में ढांचागत विकास के बदले संबंधित फर्म को जमीन उपलब्ध कराई जाएगी।
जीडीए की ओर से मानबेला में 207.47 एकड़ (83.96 हेक्टेयर) में राप्तीनगर विस्तार टाउनशिप एवं स्पोर्ट्स सिटी योजना लांच की गई है। इस योजना में करीब 450 करोड़ रुपये खर्च होने के अनुमान हैं। इसलिए जीडीए ने रिक्वेस्ट फाॅर प्रपोजल (आरएफपी) जारी किया था। योजना में 177.47 एकड़ (7.85 हेक्टेयर) में आवासीय टाउनशिप और 30 एकड़ (12.14 हेक्टेयर) में स्पोर्ट्स सिटी का निर्माण होगा। टाउनशिप पर करीब 240 करोड़ और स्पोर्ट्स सिटी के निर्माण पर 160 करोड़ खर्च आएगा।
इसके अलावा मानबेला में पहले से विकसित कॉलोनी में ढांचागत विकास की कमियों को दूर करने के लिए 50 करोड़ रुपये का खर्च भी इसमें शामिल किया गया है। यहां पर चयनित फर्म को कॉलोनी की निर्माण संबंधित कमियों को दूर करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। जीडीए अधिकारियों के अनुसार, बंगलुरू में संचालित पादुकोण-द्रविड़ एकेडमी की तर्ज पर विकास होगा। इसमें खेलों के लिए बहुउद्देशीय स्टेडियम, इनडोर स्टेडियम, मीटिंग हॉल और खिलाड़ियों के लिए हाॅस्टल की सुविधा होगी। स्पोर्ट्स क्लीनिक, होटल, मनोरंजन पार्क, मल्टीप्लेक्स और शॉपिंग मॉल, हेल्थ और फिटनेस सेंटर भी बनाए जाएंगे। टाउनशिप में प्रीमियम श्रेणी के एकल आवास, विला एवं ग्रुप हाउसिंग का निर्माण होगा।
दो बार बढ़ी है तिथि, अब जगी उम्मीद
जीडीए के ओर से जारी रिक्वेस्ट फाॅर प्रपोजल (आरएफपी) की तिथि दो बार बढ़ाई जा चुकी है। पहले पांच सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन की तिथि जारी हुई। बाद में इसे बढ़ाकर 14 सितंबर कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि इस योजना में ढांचागत विकास करने वाली फर्म को विकास कार्य के बदले में जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। शहर की फर्मों को आमंत्रित करने के लिए जीडीए की ओर से दो बार प्री बिड बैठकें भी हो चुकी हैं।