ग्रेटर नोएडा की कंपनी ने गीडा में मांगी चार एकड़ जमीन
अब तक 56 उद्यमियों ने किया है आवेदन, 22 जुलाई से शुरू होगा साक्षात्कार
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। कूलर-पंखा बनाने वाली ग्रेटर नोएडा की कंपनी नोवामैक्स भी गोरक्षनगरी में फैक्टरी लगाएगी। कंपनी ने गीडा में उद्योग लगाने के लिए प्लास्टिक पार्क में चार एकड़ जमीन के लिए आवेदन किया है। इससे पहले बोतलबंद पानी बनाने वाली कंपनी बिसलेरी और स्टील पाइप बनाने वाली कंपनी अपोलो ट्यूब्स ने भी गीडा में प्लॉट के लिए आवेदन किया है। अब तक छोटी-बड़ी 56 कंपनियां प्लॉट के लिए आवेदन कर चुकी हैं। इन्हें प्लॉट आवंटित करने से पहले क्षमता जानने और उनके प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 22 जुलाई से साक्षात्कार होगा।
गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) क्षेत्र में हर महीने नई-नई कंपनियां निवेश कर रही हैं। लोकसभा चुनाव के बाद विभिन्न सेक्टरों मेंं स्थित करीब 150 प्लॉटों के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। अब तक 56 उद्यमियों ने इन प्लॉटों के लिए आवेदन किया है। अब ग्रेटर नोएडा की कंपनी नोवामैक्स ने भी चार एकड़ जमीन के लिए आवेदन किया है। यह कंपनी कूलर समेत कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बनाती है। कंपनी करीब 300 करोड़ रुपये निवेश करेगी।
गीडा सीईओ अनुज मलिक ने बताया कि सोमवार शाम तक आए आवेदनों की अब स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके बाद 22 जुलाई से आवेदकों की क्षमता का आकलन करने के लिए साक्षात्कार किया जाएगा, जिसमें निवेशक की तरफ से दिए गए प्रस्तावों पर चर्चा होती है। इसी के आधार पर उनकी तरफ से मांगी गई जमीन की लोकेशन, जरूरत और उपलब्धता आदि को देखते हुए आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाती है। बड़ी फैक्टरियों के आने से औद्योगिक माहौल बदलेगा।