नार्मल उपखंड इलाके में रहने वाले देवेश ने बताया कि सुबह सोकर उठे तो बिजली गुल थी। पानी की टंकी खाली हो गई। बिजली नहीं होने से सुबह तैयार होने में विलंब हो गया। किसी तरह पानी का इंतजाम कर नहाने के बाद दफ्तर जाने के लिए तैयारी की। हिंदी बाजार के गणेश ने बताया कि आधी रात से बिजली गुल होने की वजह से सुबह घर में पानी की किल्लत हो गई। सुबह पानी के संकट से बच्चों का नाश्ता बनाने में बहुत देर हो गया। बच्चे टिफिन लेकर स्कूल नहीं जा पाए।
बारिश के बीच शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति की दिक्कत बनी रही। हालांकि, बारिश बंद होते ही टीम ने मौके पर जाकर फाल्ट को सही करवाया। कुछ इलाकों में फाल्ट को खोजने में ज्यादा समय लग गया। - आशु कालिया , मुख्य अभियंता
सिंघड़िया स्थित एम्स गेट नंबर-4 के सामने गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर बुधवार को पेयजल की मेन पाइप क्षतिग्रस्त हो गई। इससे सैकड़ों घरों में पेयजल का संकट हो गया। 24 घंटे बाद पानी की समस्या तो दूर हो गई, लेकिन हाइवे पर आवागमन अब भी सुचारू नहीं हो सका है।
जानकरी के अनुसार, देवरिया-गोरखपुर मार्ग पर सड़क के बीच में पीने का पानी का भूमिगत केबल डाला गया है। मंगलवार को यह पाइप सिंघड़िया में फट गया। जिससे सैकड़ो घरों में पानी की किल्लत हो गई। वही, सड़क व घरों में पानी भर गया। मोहल्ले की पानमती, भोलू, मनोज, राघव गुडडू, संतोष आदि लोगों ने बताया कि खुद खुदाई कर अस्थाई व्यवस्था कर पानी नाला तक पहुंचाया गया। शिकायत के बाद बृहस्पतिवार शाम पानी की समस्या दूर तो हो गई, लेकिन सड़क की एक लेन पर आवागमन पूरी तरह से सामान्य नहीं हो सका। यहां से हल्की गाड़ियां ही जा रही हैं।
बारिश से इंजीनियरिंग कॉलेज के पास सड़क धंसी, खतरा
इंजीनियरिंग कॉलेज पुलिस चौकी के पास बृहस्पतिवार को सड़क धंस गई। इससे खतरे की आशंका बनी हुई है। यहां पर सड़क धंसने के बावजूद कोई संकेतक नहीं लगाया गया, जिससे राहगीरों को जानकारी हो सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवर के पास बारिश होने होने से अचानक सड़क धंसने से गड्ढा हो गया, जिससे खतरा बना हुआ है।