बौलिया कॉलोनी में बनेगी गोरखपुर रेलवे की पहली नौ मंजिली इमारत
इमारत में होंगे टू-बीएचके के 100 फ्लैट, 31 करोड़ रुपये आएगी लागत
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। बौलिया रेलवे कॉलोनी में रेलकर्मियों के लिए बहुमंजिली इमारत बनेगी। इसका निर्माण जल्द शुरू होने वाला है। रेलवे ने टेंडर फाइनल कर दिया है। जमीन भी चिह्नित कर ली गई है। इसमें टू-बीएचके के 100 फ्लैट बनाए जाएंगे। दो एकड़ में बनने वाले इस मल्टी स्पेशियलिटी फ्लैट में वे सारी सुविधाएं होंगी जो प्राइवेट इमारतों में होती हैं। इसे बनाने में 31.53 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
रेलवे प्रशासन ने असुरन चौक स्थित बौलिया कॉलोनी में खाली पड़ी रेलवे की जमीन पर इस बहुमंजिली इमारत को बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए जर्जर हो चुके पुराने रेलवे आवास को ध्वस्त किया जा चुका है। बहुमंजिली इमारत के तीन ब्लॉक बनाए जाएंगे। दो ब्लॉक नौ मंजिलों का होगा, जिसमें आठ मंजिल में रहने का अवसर मिलेगा। ग्राउंड में पार्किंग होगी।
वहीं, एक ब्लॉक दस मंजिला होगा। इसमें नौ मंजिल में कर्मचारी रहेंगे। इसे टाइप थ्री श्रेणी के कर्मचारियों को आवंटित किया जाएगा। इसका निर्माण रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) करवाएगा। पिछले दिनों टेंडर फाइनल करके फर्म भी तय कर दी गई है।
योजना के मुताबिक, सभी ब्लाॅकों में आने-जाने के लिए दो-दो लिफ्ट की सुविधा होगी। लाइट जाने पर जेनरेटर की सुविधा मिलेगी। सीवरेज प्लांट और गार्डेनिंग की सुविधा मिलेगी। फ्लैट के चारों ओर चहारदीवारी होगी। रेल कर्मियों के परिवार को एंट्री करने से पहले सिक्योरिटी गार्ड की सुविधा मिलेगी।
कोट
पूर्वाेत्तर रेलवे कर्मचारियों के लिए मल्टीस्टोरी फ्लैट बनवा रहा है। बौलिया रेलवे कॉलोनी में कुल 100 यूनिट रेलवे कर्मचारियों के लिए बनेंगे। इसके निर्माण के बाद कर्मचारी और उनके परिवार के लोग नए कल्चर के अनुरूप मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में रह सकेंगे। निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
-पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ-एनईआर