गोरखपुर शहर के रामगढ़ताल की उत्तर दिशा में रेलवे एक और नया पुल बनवाएगा। यह पुल गोरखपुर जंक्शन से कैंट स्टेशन के बीच तीसरी लाइन को जोड़ेगा। इसे कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म एक व दो से सीधा जोड़ दिया जाएगा, जिससे ट्रेनों को पटरी नहीं बदलनी पड़ेगी, वे सीधे इस पुल से होकर चलेंगी।
डोमिनगढ़ से कैंट स्टेशन होकर कुसम्हीं तक 21.15 किमी लंबी तीसरी लाइन बिछाई जा रही है। इसके बनने से आउटर पर ट्रेने खड़ी नहीं होंगी। मालगाड़ियां भी बिना रुके गंतव्य को रवाना हो जाएंगी। पिछले बजट में तीसरी लाइन के लिए 105 करोड़ रुपये मिले थे। जिसके बाद काम शुरू कराया गया।
अब 62 करोड़ रुपये और मिले हैं। पिछले दिनों पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने कैंट स्टेशन का निरीक्षण किया था। जिसमें कार्य को तेज करने का निर्देश दिया था। रेलवे की परियोजना के मुताबिक रामगढ़ताल के किनारे 36 मीटर लंबाई में नया रेल पुल बनेगा। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।
छह महीने में यह पुल बनकर तैयार हो जाएगा। खास बात यह है कि यह तीसरी लाइन का पुल होगा और इससे होकर ट्रेनें सीधे प्लेटफॉर्म एक व दो से होकर आगे निकल जाएंगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के उप मुख्य अभियंता रवींद्र मेहरा ने बताया कि कैंट स्टेशन को सेटेलाइट स्टेशन बनाने का काम तेजी से किया जा रहा है। इसी क्रम में एक नया रेल पुल बनना है। शीघ्र ही इस पुल का निर्माण शुरू होगा।