गोरखपुर। कैंपियरगंज के रमचौरा इलाके में मोती महल होटल में राजनीतिक शह पर मनमानी की शिकायत पर पुलिस-प्रशासन ने बृहस्पतिवार को छापा मारा। संचालक होटल और जमीन से संबंधित कागजात नहीं दिखा सके। बिजली के उपभोग में गड़बड़ी के साथ बिना नक्शा स्वीकृत करवाए होटल संचालित होता पाया गया। होटल के कमरों में कुछ वैवाहिक जोड़ों के अलावा कुछ बालिग भी मिले, जिन्हें पुलिस ने जाने दिया। जांच टीम ने रिपोर्ट संबंधित नोडल अधिकारी को भेज दी है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि कैंपियरगंज के रमचौरा इलाके में होटल मोती महल को गलत तरीके से संचालित किया जा रहा है। शिकायत पर बृहस्पतिवार को एडीएम और सीओ कैंपियरगंज के नेतृत्व में टीम ने होटल पर छापा मारा। इस दौरान लगभग छह कमरे बुक थे। इसमें वैवाहिक जोड़ों के अलावा कुछ बालिग जोड़ भी मिले। पुलिस ने इन्हें मौके से जाने दिया। पूछताछ में होटल और जमीन संबंधी कागज मांगने पर संचालक नहीं दिखा सके।
भवन का होटल में पंजीकरण, बिजली बिल वाणिज्यिक कनेक्शन, मानचित्र स्वीकृति, फूड विभाग का लाइसेंस, प्रदूषण का लाइसेंस, अग्निशमन का लाइसेंस, कार्यरत श्रमिकों का श्रम विभाग का पंजीकरण समेत अन्य जरूरी प्रपत्र कुछ भी नहीं दिखा सके।
वर्जन
रुटीन प्रक्रिया के तहत रमचौरा के होटल मोती महल पर भी जांच की गई। प्रपत्र मांगने पर नहीं दिखा सके। जांच रिपोर्ट सौंप दी जाएगी। संबंधित जांच की पूरी रिपोर्ट तैयार कर भेज दी जाएगी।
गौरव त्रिपाठी, सीओ कैंपियरगंज