सीहापार से घघसरा जाने वाली सड़क का किया गया है चौड़ीकरण
बनौली गांव का गंदा पानी बह रहा है सड़क पर, ग्रामीणों को उठानी पड़ रही परेशानी
घघसरा। पीडब्ल्यूडी के निर्माण खंड तीन द्वारा हाल ही में सीहापार से घघसरा जाने वाली सड़क का चौड़ीकरण किया गया। पाली के बनौली गांव के बीचोबीच होकर गुजरी इस सड़क के चौड़ीकरण के दौरान ग्रामसभा द्वारा बनवाई गई नाली को ही विभाग ने तोड़ दिया। सड़क तो बन गई, लेकिन अब विभाग नाली का निर्माण नहीं करा रहा है। पूरे गांव का गंदा पानी सड़क पर ही बह रहा है। इससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, सड़क बनने से बनौली गांव में जलनिकासी की समस्या उत्पन्न हो गई है। दुर्गंध से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क बनवाने के बाद पीडब्ल्यूडी ने नाली बनवाने से पल्ला झाड़ लिया वहीं, नाली के लिए जगह न होने से प्रधान नाली का निर्माण नहीं करा पा रहे हैं। स्थिति यह है कि सड़क के किनारे बने घरों में पानी भरने की आशंका बनी हुई है। कुछ दिन पहले ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर प्रदर्शन भी किया था फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
प्रधान जयराम यादव ने कहा कि पीडब्ल्यूडी के निर्माण खंड तीन के सहायक अभियंता ने आश्वासन दिया था कि सड़क बन जाने के बाद नाली बनवा दी जाएगी। अब वे हीलाहवाली कर रहे हैं। नाली बनवाने के लिए मौके पर जमीन नहीं है। जितनी जगह थी उसमें सड़क बन गई। मैंने जलनिकासी की समस्या को लेकर बीडीओ को लिखित शिकायत पत्र दिया है। यदि नाली नहीं बनी तो बरसात में पूरे गांव में जलभराव की स्थिति बन जाएगी।
पीडब्ल्यूडी के निर्माण खण्ड तीन के सहायक अभियंता बीके पांडेय ने कहा कि मैंने नाली बनवाने की बात नहीं की थी। नाली ग्राम पंचायत बनवाएगी।