- प्लॉट आवंटन के लिए गीडा दफ्तर में दोपहर दो बजे तक होगी काउंसिलिंग
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। गीडा के विभिन्न सेक्टरों में फैक्टरी लगाने के लिए जिन 56 उद्यमियों ने जमीन मांगी है, उनकी सोमवार को काउंसिलिंग होगी। दोपहर दो बजे तक होने वाली इस काउंसिलिंग के दौरान उद्यमियों से प्रस्ताव पर चर्चा कर प्लॉट देने का निर्णय लिया जाएगा।
गीडा में फैक्टरी लगाने के लिए बिस्लेरी कंपनी की तरफ से पांच एकड़ और अपोलो ट्यूबस की तरफ से 18 एकड़ जमीन की मांग की गई है। इसके अलावा कई और भी कंपनियां हैं, जिन्होंने 10 प्रतिशत धरोहर धनराशि जमा कर आवेदन कर रखा है। गीडा सीईओ अनुज मलिक ने बताया कि सभी आवेदकों को सूचना दे दी गई है। सभी के प्रस्ताव पर चर्चा कर प्लॉट आवंटन का निर्णय लिया जागा।
इसी महीने कालेसर में होटल-मॉल के लिए भी लिए जाएंगे आवेदन
कालेसर जीरो प्वाइंट पर व्यावसायिक योजना के लिए रेरा से मंजूरी मिलने के बाद अब जल्द ही जमीन आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। गीडा प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। बता दें कि जीरो प्वाइंट स्थित व्यावसायिक योजना में निवेश के लिए लुलु मॉल समेत कई कंपनियों की तरफ से होटल, मॉल व शो रूम बनाने का प्रस्ताव है। लोकसभा चुनाव के चलते प्लाॅट आवंटन की प्रक्रिया रुकी थी। जुलाई के पहले सप्ताह में कमिश्नर की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस योजना के तहत आवंटित प्लॉटों का रेट तय हुआ था। इसके बाद पिछले सप्ताह रेरा से भी इस प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल गई। अब प्लॉट आवंटन के लिए आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू की जानी है।