गोरखपुर। राजघाट क्षेत्र के तुर्कमानपुर में नाॅर्मल कब्रिस्तान के पास तुर्कमानपुर निवासी प्राॅपर्टी डीलर अजीम (40) की सरेराह चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना शनिवार की शाम करीब पांच बजे की है जब स्कूटी से जा रहे प्राॅपर्टी डीलर को रोककर आरोपियों ने हमला कर दिया। जान बचाने के लिए प्राॅपर्टी डीलर ने भागने का भी प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने सड़क पर दौड़ाकर चाकू से कई वार किया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर घटना में शामिल दो आरोपियों तुर्कमानपुर निवासी शमशेर उर्फ गुड्डू कबाड़ी और मोहम्मद तारीख को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियाें से पुलिस पूछताछ कर रही है। घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया। पुलिस के अनुसार हत्या की वजह रुपये की लेनदेन है। बीच सड़क पर हुए इस वारदात को काफी लोगों ने देखा, लेकिन कोई बचाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। मौके पर पहुंची पुलिस भी कुछ देर के लिए पीछे हट गई थी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है।
पुलिस ने बताया कि शाम छह बजे के करीब अजीम दो पहिया वाहन से नॉर्मल कब्रिस्तान के पास से गुजर रहे थे। तभी वहां घात लगाए बैठे गुड्डू कबाड़ी अपने साथी के साथ उन्हें रोक लिया। अभी वह कुछ समझते तब तक आरोपी कमर से चाकू निकालकर अजीम के पेट में वार करने लगा। वह भागने का प्रयास किए तो दौड़ाकर उन पर कई वार किया गया। घटना से पूरे इलाके में सनसनी मच गई थी।
प्राॅपर्टी डीलर की हत्या में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। हमले में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। हत्या की वजह का पता पुलिस लगा रही है।
- कृष्ण कुमार विश्नोई, एसपी सिटी