फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: सीलिंग की जमीन बेचने में आरोपी वरिष्ठ लिपिक को पदोन्नति, बांसगांव उप निबंधक का चार्ज

Sun, 28 Jul 2024 11:03 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर
विज्ञापन
सीलिंग, ताल और अन्य जमीनों को भू माफिया कमलेश यादव ने बेच दिया था
विज्ञापन

एम्स और चौरीचौरा क्षेत्र में सीलिंग की जमीन को भू-माफिया कमलेश यादव को रजिस्ट्री कराने के मामले में आरोपी बनाए गए प्रभारी सब रजिस्ट्रार चंद्रशेखर शाही को पदोन्नति दे दी गई है। विभागीय जांच में क्लीन चिट मिलने के बाद अब वरिष्ठ लिपिक से सब रजिस्ट्रार बना दिया गया है। चंद्रशेखर को बांसगांव में तैनाती भी दे दी गई है। ऐसा तब है जब जमानत पर छूटे चंद्रशेखर के खिलाफ अभी पुलिस की जांच चल रही है।

विज्ञापन


एम्स थाना क्षेत्र के बहरामपुर गांव में रहने वाले भू-माफिया कमलेश यादव ने काफी संख्या में लोगों को भूमि दिलाने के नाम पर जालसाजी की थी। कमलेश और उसके गिरोह के साथियों ने कुछ लोगों से रुपये ले लिए, लेकिन भूमि नहीं दी।

वहीं, कुछ लोगों को सीलिंग की भूमि बेच दी। यही नहीं, कई ऐसे भी मामले सामने आए, जिसमें दूसरे की भूमि किसी और को रजिस्ट्री कर दी गई। कमलेश की जालसाजी से जुड़े केस में जब पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो संदेह का दायरा रजिस्ट्री ऑफिस तक पहुंचा और प्रभारी सब रजिस्ट्रार चंद्रशेखर शाही की संदिग्ध भूमिका सामने आई।
विज्ञापन


पुलिस पता चला कि सब रजिस्ट्रार ने कमलेश से जुड़ी रजिस्ट्री की जांच में गड़बड़ी छिपा ली थी। एम्स थाना की पुलिस ने केस में चंद्रशेखर का भी नाम बढ़ा दिया। इसके बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया।
उधर, निबंधन विभाग में उसे निलंबित कर संबद्ध कर दिया।

करीब 10 दिन पहले विभागीय अधिकारियों ने चंद्रशेखर को बांसगांव में प्रभारी सब रजिस्ट्रार बनाकर भेज दिया। 26 जुलाई 2024 को शासन से पदोन्नति की सूची जारी हुई है, जिसमें चंद्रशेखर शाही का नाम है।

एआईजी स्टांप संजय दूबे ने बताया कि मामला मेरे ज्वाइन करने के पहले का है। इसलिए पूरे प्रकरण की जानकारी नहीं है। विभागीय जांच की फाइल मंगाकर कार्रवाई की जाएगी।

सीओ कैंट अंशिका वर्मा ने बताया कि सीलिंग की जमीन को रजिस्ट्री कराने के मामले में कमलेश यादव और आरोपी बनाए गए राजस्वकर्मियों की विवेचना चल रही है। रिपोर्ट आने पर इस मामले में और भी नाम बढ़ाए जा सकते हैं। चौरीचौरा के सब रजिस्ट्रार चंद्रशेखर शाही की संलिप्तता पाई गई थी, आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। अभी वह जमानत पर बाहर है। मामले की जांच चल रही है।
विज्ञापन

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें