मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर बिजली निगम के अध्यक्ष ने जारी किया आदेश
सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने जताई थी नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। सीएम योगी की नाराजगी के बाद पूरे प्रदेश में 22 जून तक सभी प्रकार की घोषित बिजली कटौती पर रोक लगा दी गई है। इस संबंध में बिजली निगम के अध्यक्ष एम देवराज ने आदेश जारी कर दिया है। आदेश में कहा गया है कि विकास कार्याें के लिए किसी भी सरकारी विभाग को शटडाउन नहीं दिया जाएगा।
बिजली निगम के अध्यक्ष के आदेश के बाद गोरखपुर मंडल के मुख्य अभियंता आशु कालिया ने मंडल के सभी जिलों में शटडाउन पर अनिवार्य रोक लगा दी है। अतिआवश्यक कार्य के लिए सीधे मुख्य अभियंता के निर्देश पर ही शटडाउन लिया जा सकेगा।
दरअसल, पिछले दिनों भीषण गर्मी में कभी फाल्ट तो कभी शटडाउन के चलते महानगर के विभिन्न मोहल्लों में हो रही बिजली कटौती को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता से लिया था। दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए मुख्यमंत्री ने सोमवार की शाम समीक्षा बैठक में बिजली निगम के मुख्य अभियंता को बुलाकर हर हाल में कटौती रोकने के निर्देश दिए थे। कहा था कि इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। ऐसे में बिजली की कटौती नहीं होनी चाहिए। इसी के बाद पॉवर कारपोरेशन के अध्यक्ष ने भी शक्तिभवन लखनऊ से मंगलवार की दोपहर में आदेश जारी किया है।