होलीका दहन कार्यक्रम में विरासत गलियारा का निरीक्षण करते अधिकारी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
होलिका दहन उत्सव समिति, पांडेयहाता की ओर से सोमवार अपराह्न तीन बजे भक्त प्रहलाद की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में गोरक्षपीठाधीश्वर व सीएम योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे।
समिति के संरक्षक आशीष गुप्ता एवं अध्यक्ष रामप्रकाश गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष शोभायात्रा को और भव्य रूप दिया जा रहा है।
समिति व विरासत गलियारे में विस्थापित व्यापारियों को पुनः स्थापित किए जाने को लेकर व्यापारी वर्ग गोरक्षपीठाधीश्वर का गुलाब की पंखुड़ियों से पुष्प वर्षा और शंखनाद के साथ भव्य स्वागत करेगा।
समिति के महामंत्री शिवम पटवा एवं कोषाध्यक्ष राहुल गुप्ता ने बताया कि इस बार कानपुर से आने वाली झांकियां शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण होंगी। इसमें भक्त प्रहलाद व भगवान विष्णु से जुड़ी धार्मिक झलकियां प्रस्तुत की जाएंगी। शोभायात्रा का शुभारंभ गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ की ओर से भक्त प्रहलाद की आरती कर व फूलों एवं अबीर-गुलाल के साथ होली खेलकर किया जाएगा।
शोभायात्रा पांडेयहाता क्षेत्र से प्रारंभ होकर महानगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पारंपरिक धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण के बीच संपन्न होगी। आयोजन को लेकर समिति एवं स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर भी व्यापक तैयारियां की गई हैं।
समिति के मीडिया प्रभारी हिमांशु गुप्ता ने बताया कि होलिका दहन उत्सव को सफल बनाने के लिए समिति के पदाधिकारी एवं व्यापारी सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं।