मानबेला में 200 एकड़ में आवासीय योजना लांच करेगा जीडीए, मेडिसिटी भी लाई जा सकती है
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। खोराबार टाउनशिप की ही तरह गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) मानबेला में भी एक बड़ी आवासीय योजना लाने की तैयारी कर रहा है। यही नहीं ,खोराबार में मेडिसिटी योजना की मांग बढ़ी, तो मानबेला में भी प्राधिकरण 25 एकड़ में एक और मेडिसिटी लांच कर सकता है। मानबेला में जीडीए के पास अभी भी 200 एकड़ से अधिक की जमीन का लैंड बैंक बचा हुआ है। प्राधिकरण अब इस क्षेत्र में दिवाली तक आवासीय एवं व्यावसायिक योजनाएं लाने में जुट गया है। प्राधिकरण यहां फ्लैट एवं भूखंड उपलब्ध कराएगा। व्यावसायिक गतिविधियों के तहत माल, कांप्लेक्स आदि का निर्माण कराया जाएगा। मानबेला के पास ही स्थित राप्तीनगर विस्तार योजना में 25 एकड़ में स्पोर्ट्स सिटी बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
खोराबार के बाद अब मानबेला में आवासीय एवं व्यावसायिक योजना लाई जाएगी। 200 एकड़ में योजना विकसित की जाएगी। वहां एक मेडिसिटी योजना भी लाई जा सकती है। राप्तीनगर विस्तार योजना में 25 एकड़ में स्पोर्ट्स सिटी भी बसाई जाएगी। इसके लिए भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। - महेंद्र सिंह तंवर, उपाध्यक्ष, जीडीए