- सात जुलाई को गीता प्रेस में संभावित है प्रधानमंत्री का कार्यक्रम
- तैयारियां जोरों पर, खुफिया एजेंसी को सौंपी गई मेहमानों की सूची
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। गीताप्रेस में सात जुलाई को प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री व अन्य अतिथियों को गीता प्रेस पर आधारित चार मिनट की डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई जाएगी। इसके बाद प्रधानमंत्री का संबोधन होगा। शनिवार को गीताप्रेस में प्रधानमंत्री की सभा के लिए जर्मन हैंगर पंडाल लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। इस पंडाल में तीन सौ लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। पूरे दिन पुलिस और प्रशासन के आला अफसर निरीक्षण कर जायजा लेते रहे।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गीता प्रेस में स्थित लीला चित्र मंदिर का दर्शन करेंगे। शिव महापुराण के विशिष्ट अंक का विमोचन करेंगे। गीता प्रेस परिसर को अब सजाने का काम तेज कर दिया गया है। बिजली की आपूर्ति किसी भी तरह बाधित न हो इसकी भी तैयारी की जा रही है। गीताप्रेस में कार्य करने वाले सभी कर्मचारी, गीता प्रेस प्रबंधन से जुड़े लोग और बाहर से आने वाले ट्रस्टी सहित अन्य लोगों की सूची गीताप्रेस प्रबंधन ने खुफिया एजेंसी को सौंप दी है। वहीं, देशभर में गीता प्रेस से जुड़े लोगों को पीएम के कार्यक्रम में आने की सूचना दे दी गई है। इसमें वाराणसी, बेंगलुरु, ऋषिकेश, सूरत और कोलकाता के ट्रस्टी हैं। गीता प्रेस की नेपाल की काठमांडू शाखा को भी सूचित किया गया है।