विभोर श्रीवास्तव की गोलघर बलदेव प्लाजा के पास मोबाइल की दुकान है। इनके परिसर में प्रीपेड मीटर लगा है। शनिवार सुबह मीटर रिचार्ज खत्म हो गया। पूरे दिन दफ्तर दौड़ते रहे, लेकिन रिचार्ज नहीं हो सका। बक्शीपुर गए तो सर्वर की दिक्कत बोल सोमवार को आने को कहा गया।
केस 2
प्रिंस का राप्तीनगर में घर है। घर में प्रीपेड मीटर लगा है। शनिवार को उनके प्रीपेड मीटर का रिचार्ज खत्म हो गया था। दफ्तर गए तो वहां से सोमवार को आने की बात कही गई। शाम तक ऑनलाइन मीटर रिचार्ज करने का प्रयास करते रहे। रात 8 बजे जाकर रिचार्ज हो सका।
सर्वर की दिक्कत का खामियाजा झेल रहे प्रीपेड मीटर उपभोक्ता
प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं का रिचार्ज खत्म होने के बाद हो रही दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। बिजली निगम की वजह से प्रीपेड उपभोक्ताओं को इन दिनों काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। रिचार्ज खत्म होने पर उपभोक्ताओं के आवास- दुकान की बिजली बंद हो गई है। खंड पर संपर्क करने पर सर्वर की खामी की बताकर उन्हें लौटा दिया जा रहा।
महानगर में सेक्योर कंपनी की ओर से प्रीपेड बिजली मीटर लगाए गए हैं। शहरी क्षेत्र में लगभग सात हजार उपभोक्ताओं के परिसर में इस कंपनी का मीटर लगा है। इसे रिचार्ज कर उपभोक्ता आसानी से बिजली उपभोग करते हैं। लेकिन, सुविधा बेहतर करने के लिए इन दिनों सर्वर पर काम चल रहा है। ऐसे में प्रीपेड मीटर रिचार्ज होने में भी परेशानी हो रही है। दरअसल, प्रीपेड मीटर रिचार्ज करने में मीटर से 40 अंक का एबीजी कोड लेकर खंड दफ्तर जाना होता है। वहां, उपभोक्ता को 20 अंकों का कोड दिया जाता था। इन अंकों को मीटर में दर्ज करना पड़ता है और मीटर रिचार्ज हो जाता। लेकिन, इन दिनों खंड दफ्तर जाने पर ये सुविधा नहीं मिल पा रही है।
कोट
बिजली निगम की सेवाओं को बेहतर किया जा रहा है। ऐसे में दो दिनों तक सर्वर बंद था। प्रीपेड मीटर रिचार्ज के संबंध में जानकारी नहीं मिली। मीटर रिचार्ज क्यों नहीं हुए इसकी जांच कराई जाएगी।
यूसी वर्मा, अधीक्षण अभियंता शहरी