अमर उजाला ब्यूरो
बड़हलगंज। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बहसुआ के प्रधान नारद पासवान को रास्ते में घेर कर मनबढ़ों ने मारपीट कर घायल कर दिया। प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने रमेश निषाद, विजय कुमार निषाद, राजेंद्र निषाद, नारद निषाद, गारद निषाद, सिंहासन निषाद, अजय निषाद समेत कुछ अज्ञात पर केस दर्ज किया है। इसमें एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है।
ग्राम प्रधान नारद पासवान शुक्रवार की रात गांव में ही एक शादी समारोह से निमंत्रण देकर रात नौ बजे ग्राम पंचायत बैरियाडीह के प्रधान प्रतिनिधि शिवशंकर यादव के साथ घर लौट रहे थे। समारोह स्थल से कुछ ही दूर आने पर गांव के ही कुछ लोग उन्हें घेर कर मारपीट कर घायल कर दिए। शोर सुन ग्रामीणों के आने पर हमलावर धमकी देते हुए भाग गए। घायल प्रधान के परिजन उसे लेकर थाने आए जहां उन्होंने सात नामजद सहित कुछ अज्ञात पर चुनावी रंजिश में मारने पीटने का आरोप लगाया है।