-50 हजार रुपये से अधिक बकाए पर करेंगे फोन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। अब बड़े बकाएदारों को बिजली का बिल जमा करने के लिए ऊर्जा निगम फोन करेगा। 50 हजार से अधिक बकाए पर मुख्य अभियंता खुद फोन करेंगे। उन्हें 30 उपभोक्ताओं को फोन करने का जिम्मा मिला है।
उत्तर प्रदेश पॉवर कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक पंकज कुमार ने इसे लेकर निर्देश जारी किया है। इसके मुताबिक, फोन घुमाओ अभियान चलाकर बकाएदारों से संपर्क करना है। इस दौरान अगर उनके बिल की गड़बड़ी सामने आए तो इसे भी अभियंता खुद अपनी निगरानी में ठीक कराएंगे। इसके लिए अलग-अलग पदों पर जिम्मेदारी भी तय की गई है। इसमें 10 लाख से अधिक के बकाएदार को पॉवर कारपोरेशन के अध्यक्ष से लेकर सभी डिस्कॉम स्तर पर तैनात अधिकारी (वर्ग ग) फोन करेंगे। सभी पर बकाएदारों की संख्या भी निर्धारित की गई है। मंडल के मुख्य अभियंता 30 उपभोक्ताओं को, अधीक्षण अभियंता 35 उपभोक्ताओं को, अधिशासी अभियंता 50 उपभोक्ताओं को और एसडीओ से लेकर जेई को 30 उपभोक्ताओं को फोन करने का लक्ष्य दिया गया है। ये सूची मंडल और खंड में बकाएदारी के हिसाब से तय की जाएगी। जबकि, खुद से सभी जिम्मेदारों को उपभोक्ताओं का नाम, फोन नंबर, कनेक्शन की क्षमता, भार के साथ अन्य डिटेल भरना होगा। मुख्य अभियंता आशु कालिया ने बताया कि निर्देश मिला है। एक से दो दिन में खंडवार उपखंडवार पूरी सूची तैयार करवा ली जाएगी।