गोरखपुर। शहरी और आसपास के इलाकों के आठ से दस हजार उपभोक्ताओं ने 12 से 14 घंटे तक बिजली कटौती झेली। पादरी बाजार और राप्तीनगर में सुबह दस से दोपहर तीन बजे के बाद तक बिजली कटौती रही। जूही कॉलोनी, खोराबार, सिकटौर, जंगल सिकरी समेत अन्य इलाकों के उपभोक्ताओं को सोमवार की रात से रूक-रूककर करीब 12 से 14 घंटे बिजली संकट का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, राप्तीनगर के विष्णुपुरम, सरैया पोखरा, असुरन चौक समेत अन्य इलाकों में मंगलवार की सुबह दस बजे से बिजली गुल रही। दोपहर तीन बजे के बाद आपूर्ति सामान्य हो सकी। जबकि, सोमवार की शाम को खोराबार बिजली घर का पांच एमवीए पावर ट्रांसफाॅर्मर जल गया था। इससे खोराबार व सुबा बाजार समेत दो दर्जन गांवों में 28 घंटे तक बिजली-पानी के लिए हाय-तौबा मची रही। पूरी रात हजारों परिवार गर्मी व उमस से बेहाल रहे। जैसे-तैसे प्रभावित मुहल्लों व गांवों को वैकल्पिक व्यवस्था से चार से छह घंटे ही बिजली मिल पाई। इससे उपभोक्ताओं में आक्रोश है।
बिजली निगम के अभियंता उम्मीद जता रहे हैं कि बुधवार की सुबह प्रभावित क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल हो जाएगी। इंजीनियरिंग, विश्वविद्यालय परिसर स्थित खोराबार बिजली घर से नगर व देहात क्षेत्रों को बिजली आपूर्ति की जाती है। अभियंता खामियां दुरुस्त कराने का पूरी रात प्रयास करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई।
इसके बाद उसे परीक्षण खंड की टीम ने जला घोषित कर दिया। मुख्य अभियंता चौरीचौरा मनीष झा ने बताया कि मंगलवार की देर रात ट्रांसफाॅर्मर आ गया है। इसे चार्ज करने में थोड़ा वक्त लगेगा। बुधवार की देर शाम तक बिजली आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।
-
फाल्ट और कटौती ने घघसरा के लोगों को किया बेहाल
पाली। घघसरा बाजार में ढाई सौ केवीए के ट्रांसफार्मर का केबल मंगलवार सुबह 10:00 बजे जलने से बिजली गुल हो गई। रात 10:00 बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी जिससे उमस भरी गर्मी में लोग बेहाल रहे।
बताया गया कि ओवरलोड होने के कारण ट्रांसफार्मर का केबल एक हफ्ते में तीन बार खराब हो चुका है। किसी तरह जुगाड़ से बिजली आपूर्ति की जा रही थी। मंगलवार को केबल फिर जल गया जिससे आपूर्ति बाधित हो गई। नगर पंचायत के चेयरमैन प्रभाकर दुबे ने विभाग के उच्चाधिकारियों से वार्ता कर तत्काल केबल बदलवाने की बात कहीं। जिस पर जेई शिवम चौधरी ने बताया कि ओवरलोड होने के कारण एक केवल जल जा रहा है। अभी किसी तरह केबल को जोड़कर सप्लाई दी जाएगी। बुधवार को विभागीय ठेकेदार द्वारा नया केबल लगाया जाएगा। संवाद