एफसीआई ट्रांसमिशन बिजली घर परिसर के घास में बृहस्पतिवार सुबह आग लग गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ी बुलाई गई, करीब आधे घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। ऐसे में सुबह 11 बजे गुल हुई बिजली दोपहर 12:20 बजे के बाद आई। करीब 90 हजार से अधिक उपभोक्ता भीषण गर्मी में तड़प उठे।
बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे एफसीआई परिसर स्थित 33 केवी बिजली घर में शार्ट सर्किट होने से निकली चिंगारी की वजह से परिसर में सूखी घास पर गिरते ही आग लग गई। ट्रांसमिशन बिजली घर के स्वीच यार्ड के बाहरी हिस्से में आग की लपट देखकर कर्मचारियों ने सभी 33 केवी फीडरों को बंद कर दिया।
इसे भी पढ़ें: रोडवेज बसों का खेल: 70 रुपये दीजिए, गांजा हो या मिलावटी खोवा सब बसों से भेजिए
इससे दुर्गाबाड़ी, सूरजकुंड, इंडस्ट्रियल इस्टेट, राप्तीनगर ओल्ड, न्यू, मेडिकल कॉलेज, शाहपुर और पादरी बाजार बिजली उपकेंद्र की बिजली गुल हो गई। आग की सूचना पर एचयूआरएल कंपनी की फायर ब्रिगेड टीम के अलावा स्थानीय फायर बिग्रेड की गाड़ी भी पहुंच गई।
दोनों गाड़ियों ने आधे घंटे भर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। दोपहर 12.20 बजे बिजली घरों को आपूर्ति दी गई। मुख्य अभियंता आशु कालिया ने बताया कि ट्रांसमिशन परिसर में आग लगने से एहतियात के तौर पर नौ बिजली उपकेंद्रों की लाइन को बंद कर दी गई थी। आग बुझाने के बाद सभी को चालू करवा दिया गया।