-घंटों लाइन में लगकर पसीना बहाते रहे उपभोक्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। बिजली बिल जमा करने की आखिरी तारीख होने के कारण बुधवार को बिजली दफ्तरों पर उपभोक्ता उमड़ पड़े। कर्मचारी कम्प्यूटर खोले तभी सर्वर डाउन हो गया। लोग भीषण गर्मी में लाइन में लगकर घंटों सर्वर ठीक होने का इंतजार करते रहे, मगर उनके हाथ मायूसी लगी। थक-हारकर कई लोग बिना बिल जमा किए अपने घर लौट गए।
एक तो देरी से बिल मिल रहा है। ऊपर से आए दिन ऊर्जा निगम का सर्वर डाउन हो जा रहा है। इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। लोग अपना काम धाम छोड़कर बिजली बिल जमा करने पहुंच रहे हैं मगर उन्हें उलटे पैर लौटना पड़ रहा है। बुधवार को दोपहर में बक्शीपुर में शिवांगी अपना बिजली का बिल जमा करने पहुंची थीं। लगभग आधे घंटे तक लाइन में खड़ी रहीं। सर्वर डाउन होने के कारण उनका बिल जमा नहीं हो सका। इधर, पादरी बाजार उपखंड कार्यालय पर बिजली बिल जमा करने के लिए परमानंद पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि हफ्ते में दूसरी बार बिजली का बिल जमा करने के लिए आया हूं। सर्वर डाउन होने के कारण आज भी वापस लौटना पड़ रहा है। वहीं मोहद्दीपुर में भी सर्वर का यही हाल रहा। लोग गर्मी में घंटों लाइन में लगे रहे मगर बिल जमा नहीं हो सके। -
कुछ काउंटर पर सर्वर डाउन होने की दिक्क्त है। इसे ठीक करने के लिए कर्मचारी लगे हुए हैं। जल्द इसे दुरुस्त करवा लिया जाएगा।
-लोकेंद्र बहादुर सिंह, अधीक्षण अभियंता