तीन दिनों के लिए पूल टेस्टिंग के नमूनों पर रोक लंबित नमूनों की वजह से लिया गया फैसला अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। कम्युनिटी में संक्रमण रोकने के लिए अब तक पूल टेस्टिंग से नमूने लिए जा रहे थे। लेकिन अब शासन ने तीन दिनों तक पूल टेस्टिंग पर रोक लगा दी है। इसकी वजह बताई जा रही है कि नमूनों की संख्या अधिक हो जा रही है। ऐसे में जांच समय से नहीं हो पा रहा है। 15 से लेकर 17 जून तक पूल टेस्टिंग के नमूने नहीं लिए जाएंगे।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, चेन्नई सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में प्रवासी आए हैं। बाहर से आए प्रवासियों की जांच का निर्देेश शासन की ओर से मिला है। इसके लिए पूल टेस्टिंग से नमूने लेने की बात कही गई है। पूल टेस्टिंग से नमूने लेने में सरकार की बचत भी होगी। साथ ही जल्द ही कोरोना संक्रमण का पता भी लग जाएगा। इसे लेकर करीब एक माह से विभिन्न गांवों व मोहल्लों से अब तक पूल टेस्टिंग के 2359 नमूने लिए गए हैं। इनमें लंबित नमूनों की संख्या 759 है। सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने कहा कि तीन दिन में लंबित नमूनों की जांच रिपोर्ट आ जाएगी। इसके बाद दोबारा पूल टेस्टिंग के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे। बीमार व्यक्तियों व पॉजिटिव के संपर्क में आने वालों के नमूने लेने पर रोक नहीं है।