भरोहिया। पीपीगंज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 15, मुंशी प्रेमचंद नगर स्थित भरवल गांव में बुधवार की देर शाम मतांतरण की झूठी सूचना से इलाके में खलबली मच गई। सूचना पर पुलिस ने गांव पहुंचकर चार महिलाओं और एक युवक को हिरासत में लेकर थाने लाई। जांच के दौरान स्पष्ट हुआ कि कोई भी मतांतरण नहीं किया जा रहा था। दरअसल, एक युवक लंबे समय से बीमार था और उसके स्वास्थ्य लाभ के लिए घर के लोग पूजा-पाठ और प्रार्थना कर रहे थे। पूछताछ में सभी ग्रामीणों ने बताया कि वे हिंदू धर्म के अनुयायी हैं और किसी भी प्रकार का धर्मांतरण नहीं किया जा रहा था। सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि झूठी सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की जांच की और हिरासत में लिए गए सभी लोगों को छोड़ दिया। कहा कि पुलिस अब अफवाह फैलाने वाले व्यक्ति के बारे में जानकारी जुटा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की झूठी सूचनाओं से कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो। संवाद