- खुखुंदू क्षेत्र के एक गांव में मां को नशीला पदार्थ सुंघा किया बेहोश, छात्रा को उठाने का मामला
- एक साल पहले भी हुआ था छात्रा का अपहरण, दो गए थे जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक गांव में महाशिवरात्रि की रात मां को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर बेटी को उठा ले जाने के मामले में पुलिस ने एक नया खुलासा किया है। पुलिस का कहना है कि एक साल पहले भी छात्रा का अपहरण हुआ था। मां की तहरीर पर गांव के दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की गई थी।
इस बार अज्ञात के खिलाफ मारपीट, छेड़खानी, अपहरण, पाॅक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर छात्रा और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि छात्रा का मोबाइल फोन स्विच ऑफ बता रहा है, जबकि जिस पर आशंका जताई गई थी, वह अपने घर मिले हैं। ऐसे में छात्रा को ढूंढना पुलिस के लिए मुश्किल हो रहा है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव की 15 वर्षीय किशोरी गांव के पास के ही स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ती है। पिता सात मार्च को लखनऊ चले गए। घर पर मां और बेटी थी। बताया जा रहा है कि आठ मार्च की रात में छात्रा मां से बाथरूम जाने की बात कहकर बिस्तर से उठी और अकेले जाने लगी। मां भी साथ चलने की बात कहकर उठी। दोनों साथ में आ रहे थे, तभी मेन दरवाजे से खटखट की आवाज आई। छात्रा की मां ने जैसे ही दरवाजा खोला, अचानक किसी ने उसे थप्पड़ जड़, वह नीचे गिर गई। इसके बाद नशीला पदार्थ सुंघा दिया गया और वह बेहोश हो गई।
दूसरे दिन सुबह जब होश आया तो बेटी गायब थी। वैसे पुलिस सात मोबाइल फोन की डिटेल खंगालने में लगी है। पुलिस सर्विलांस के जरिये ही छात्रा तक पहुंचने की बात कह रही है। वैसे पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन भी सर्विलांस पर लगा रखा है, लेकिन मोबाइल बंद बता रहा है, जिससे पुलिस को सफलता नहीं मिल पा रही है।
इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि दूसरी बार छात्रा का अपहरण हुआ है। पहली बार छात्रा का अपहरण होने के बाद परिजनों ने छात्रा का रेगुलर क्लास (पढ़ाई) छोड़ाकर ऑनलाइन पढ़ाई शुरू कराई थी। छात्रा घर पर ही रहकर ऑनलाइन पढ़ाई कर रही थी। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि पुलिस लगी है। बहुत जल्द छात्रा को ढूंढ निकाला जाएगा।