व्हाट्सएप में बच्चों के गुमशुदा होने के अनेक मैसेज आते हैं। लोग इनको देखते हैं और मदद के लिए इनको आगे भी भेजते हैं। हालांकि कई मैसेज ऐसे भी होते हैं जो कई साल पुराने रहते हैं, मगर सिद्धार्थनगर में व्हाट्सएप पर किए एक मैसेज ने एक गुमशुदा बच्चे को अपने माता-पिता से मिलवा दिया।
जानकारी के मुताबिक, डुमरियागंज थाना क्षेत्र के महतिनिया बुर्जुग गांव के चौराहै पर शुक्रवार दोपहर कृष्ण कुमार नाम का एक बच्चा गांव निवासी मोहम्मद हाशिम, मोहम्मद शाहिद, कलीम नौशाद व सुभाष को रोते हुए मिला। बच्चा बारिश के पानी से भीगा हुआ था और ठंड से कांप रहा था। उन्होंने बच्चे से नाम पता पूछा तो बच्चा अपने नाम के अलावा और कुछ नहीं बता पा रहा था।
मोहम्मद हाशिम के पास डुमरियागंज व त्रिलोकपुर थाने के साथ बिस्कोहर चौकी का मोबाइल नंबर था, तुरंत फोन के द्वारा तीनों जगह सूचित कर दिया। सूचना मिलने के बाद चौकी इंचार्ज बिस्कोहर राजेश शुक्ला ने बच्चे का फोटो मांग चौकी द्वारा बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल कर दिया, शाम पांच बजे तक चौकी पर सूचना मिला कि बच्चा नगर पंचायत बिस्कोहर के टोला ओझा डिहवा निवासी लाले साहू का है।
तुरंत चौकी इंचार्ज राजेश शुक्ला ने बच्चे के पिता व बच्चे के साथ महतिनियां बुर्जुग निवासी मोहम्मद हाशिम, मोहम्मद शाहिद, कलीम नौशाद व सुभाष को पुलिस चौकी बिस्कोहर पर बुलाकर बच्चे को उसके पिता लाले साहू को सौंप दिया।
लाले साहू ने बताया कि मेरी बेटी की शादी त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के सरोठर कठौतिया गांव में हुई है। 26 मई को अपने परिवार को बेटी के यहां छोड़ आया था इसी बीच बच्चा वहां से बिस्कोहर के लिए भाग निकला और रास्ता भटक गया।
इस मौके पर हेड कांस्टेबल उमेश मिश्रा, रवि उपाध्याय, शुभ करन यादव, कांस्टेबल जय हिंद राजभर, मनोज विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।