बेतिया में होगा कार्यक्रम, 8700 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास, लोकार्पण
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह मार्च को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बिहार प्रांत के पश्चिमी चंपारण जिले के मुख्यालय बेतिया में 8,700 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान यूपी और बिहार को जोड़ने वाली पूर्वोत्तर रेलवे की प्रमुख लाइन गोरखपुर कैंट-वाल्मीकिनगर का भी शिलान्यास होगा।
बीते सितंबर में इस रूट के दोहरीकरण को मंजूरी मिली थी। इस लाइन के दोहरीकरण व विद्युतीकरण का कार्य पूरा होने पर बिहार, पश्चिम बंगाल से लगायत पूर्वोत्तर भारत तक से आने-जाने वाली ट्रेनों के संचालन के समय में सुधार आएगा।
पूर्वी यूपी से सटे बिहार प्रांत का बेतिया शहर आजादी की लड़ाई में प्रमुख केंद्र था। महात्मा गांधी की पहली चंपारण यात्रा इसी शहर में हुई थी। अब प्रधानमंत्री इस अति पिछड़े इलाके में छह मार्च को 8,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।
इस इलाके को देश के प्रमुख शहरों के रेल मार्ग से जोड़ने वाली लाइन गोरखपुर कैंट-वाल्मीकिनगर के दोहरीकरण का कार्य 1269.8 करोड़ रुपये से तीन साल में पूरा होना है। इसके अलावा नरकटियागंज-गौनाहा गेज परिवर्तन और बेतिया रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की आधारशिला भी रखेंगे। प्रधानमंत्री नरकटियागंज-गौनाहा और रक्सौल-जोगबनी के बीच दो नई ट्रेन सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाएंगे। प्रधानमंत्री बापूधाम मोतिहारी-पिपराहां तक 62 किलोमीटर लंबी रेल लाइन के दोहरीकरण को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।